सड़कों के कायाकल्प पर खर्च होंगे 257.73 करोड़ रुपये, सात साल तक रहेंगी गड्ढा-मुक्त

WhatsApp Channel Join Now

भागलपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। जिले की आधारभूत संरचना को मजबूत करने और आम लोगों के सफर को सुगम बनाने की दिशा में पथ निर्माण विभाग ने एक बड़ा कदम उठाया है। विभाग की ओर से जिले की 35 प्रमुख सड़कों के निर्माण, मरम्मत और अगले सात वर्षों तक उनके नियमित रखरखाव के लिए 257.73 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी योजना को स्वीकृति दी गई है। इस योजना के धरातल पर उतरने से जिले की करीब 90 प्रतिशत प्रमुख सड़कों की सूरत बदल जाएगी। पथ निर्माण विभाग ने इस कार्य को 'ओपीआरएमसी' मॉडल के तहत दो अलग-अलग पैकेजों में बांटकर दो एजेंसियों को सौंपा है।

अनुबंध की शर्तों के अनुसार, चयनित एजेंसियों को न केवल इन 35 सड़कों का नवनिर्माण और चौड़ीकरण/मरम्मत करना होगा, बल्कि अगले सात वर्षों तक इन्हें बिल्कुल नई सड़क जैसी स्थिति में बनाए रखना होगा। यदि इस अवधि के दौरान सड़क पर कहीं भी गड्ढा होता है या सड़क क्षतिग्रस्त होती है, तो एजेंसी को तत्काल अपने खर्च पर उसकी मरम्मत करनी होगी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, पहले किसी सड़क के खराब होने पर उसकी मरम्मत के लिए प्राक्कलन तैयार करने, प्रशासनिक स्वीकृति लेने और टेंडर की प्रक्रिया पूरी करने में महीनों लग जाते थे। इससे आम लोगों को जर्जर सड़कों पर सफर करने की मजबूरी होती थी। लेकिन सात वर्षीय मेंटेनेंस पॉलिसी लागू होने से अब बार-बार टेंडर निकालने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और सड़कों की नियमित निगरानी के साथ त्वरित मरम्मत सुनिश्चित हो सकेगी।

इस परियोजना में शहर के मुख्य मार्गों के साथ-साथ विभिन्न प्रखंडों और ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़कें शामिल हैं। इन सड़कों के गड्ढा-मुक्त और सुदृढ़ होने से न केवल यातायात जाम और दुर्घटनाओं में कमी आएगी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों, छात्रों और व्यापारियों को जिला मुख्यालय और प्रमुख बाजारों तक पहुंचने में बड़ी सुविधा होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780857 Articles

Share this story