जिला निबंधन कार्यालय के अभिलेखागार में अभिलेख से छेड़छाड़ मामले में एक गिरफ्तार
अररिया, 08 जनवरी(हि.स.)। अररिया जिला निबंधन कार्यालय के अभिलेखागार में अभिलेख के साथ छेड़छाड़ करने के मामले में पुलिस ने जोकीहाट के तुरकैली वार्ड संख्या 11 के आरोपी युवक सनाउल्लाह शेख उर्फ सोनू पिता मोजाहिद आलम को गिरफ्तार किया है। जानकारी एसपी अंजनी कुमार ने गुरुवार को दी।
एसपी अंजनी कुमार ने बताया कि जिला निबंधन कार्यालय के अभिलेखापाल मो. सफी अनवर के द्वारा 15 दिसम्बर 25 को नगर थाना में कांड संख्या 505/25 दिनांक 15.12.2025 धारा 318(4),338,336(3),340(2),61(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज कराया था।
एसपी ने बताया कि दर्ज मामले को लेकर सदर एसडीपीओ सुशील कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था। छापामारी दल द्वारा अनुसंधान के क्रम में अभिलेख संख्या 10272 जिल्द संख्या 65 पृष्ठ 344 से 346 वर्ष 1960 को बदल दिए जाने का मामला सही पाया गया। अनुसंधान के क्रम में केवाला 10272 में तीन नाम अंकित होने की बात एसपी ने कही।
एसपी ने बताया कि मामले में जोकीहाट के तुरकैली वार्ड संख्या 11 के आरोपी युवक सनाउल्लाह शेख उर्फ सोनू पिता मोजाहिद आलम को गिरफ्तार किया गया, जिसने अपने स्वीकारोक्ति बयान में अपनी संलिप्तता को स्वीकार किया। छापामारी दल में नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक और अपर थानाध्यक्ष संजीव कुमार शामिल रहे है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

