फसल क्षति को लेकर सांसद ने मुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री को लिखा पत्र

WhatsApp Channel Join Now
फसल क्षति को लेकर सांसद ने मुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री को लिखा पत्र


भागलपुर, 23 मार्च (हि.स.)। भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं बिहार के कृषि मंत्री से भागलपुर संसदीय क्षेत्र में बेमौसम आंधी, वर्षा एवं ओलावृष्टि से हुई व्यापक फसल क्षति को लेकर किसानों को मुआवज़ा दिलाने के लिए पत्र में माध्यम से अनुरोध किया है।

सांसद ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि बीते 20 मार्च को आई अचानक आंधी, तेज वर्षा एवं ओलावृष्टि के कारण गोपालपुर, बिहपुर, नाथनगर, पीरपैंती, भागलपुर सदर एवं कहलगांव विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न प्रखंडों में फसलों को व्यापक क्षति पहुँची है। विशेष रूप से मक्का की फसल पूरी तरह प्रभावित हुई है, जिससे किसानों की मेहनत एवं पूंजी दोनों पर गंभीर आघात हुआ है।

सांसद ने राज्य सरकार से आग्रह किया है कि प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल विशेष सर्वेक्षण कराया जाए तथा वास्तविक क्षति का आकलन करते हुए प्रभावित किसानों को शीघ्र उचित मुआवजा एवं राहत राशि प्रदान की जाए। साथ ही उन्होंने इस आपदा से जूझ रहे किसानों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक विभागीय कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

सांसद ने यह भी कहा है कि इस कठिन समय में किसानों के साथ हर संभव सहयोग किया जाएगा तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से उठाते हुए समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story