शिक्षकों के प्रमोशन से जुड़ी प्रकाशित खबरों का टीएमबीयू प्रशासन ने किया खंडन
भागलपुर, 25 मार्च (हि.स.)। विभिन्न दैनिक हिन्दी समाचार पत्रों के भागलपुर संस्करण में 25 मार्च 2026 को तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के शिक्षकों के प्रमोशन से जुड़ी प्रकाशित खबर का टीएमबीयू प्रशासन ने खंडन किया है। कुलसचिव प्रो. रामाशीष पूर्वे ने बुधवार को कहा कि पूर्व कुलपति द्वारा प्रमोशन से संबंधित रेफरी को भेजे जाने वाले शिक्षकों के डॉक्यूमेंट की फाइल पर हस्ताक्षर करने वाली खबर पूरी तरह से भ्रामक, निराधार, सत्य से परे और बेबुनियाद है। विश्वविद्यालय प्रशासन इस खबर का पुरजोर खंडन करता है।
उन्होंने कहा की उक्त खबर आधारहीन है। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा इस मामले में किसी भी तरह की आधिकारिक सूचना प्रचारित और प्रसारित नहीं की गयी थी, इसके बावजूद भी विभिन्न दैनिक हिन्दी अखबारों में यह खबर प्रकाशित की गई है। जो काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। सूचनीय है कि विश्वविद्यालय से संबंधित किसी भी खबर के प्रकाशन और प्रसारण से पूर्व मीडिया हाउस का टीएमबीयू प्रशासन से आधिकारिक पुष्टि करना जरुरी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

