सोशल मीडिया पर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों से बचें: भागलपुर पुलिस
भागलपुर, 17 जुलाई (हि.स.)। एसएसपी कार्यालय के हवाले से शुक्रवार को जानकारी दी गई कि जिले के गोराडीह थाना अंतर्गत सोशल मीडिया पर एक वायरल वीडियो प्राप्त हुआ, जिसमें एक व्यक्ति अपने हाथों में पिस्टलनुमा वस्तु लेकर डांस करते हुए दिखाई दे रहे थे। उक्त वीडियो के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए गोराडीह थाना पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए वीडियो में दिख रहे व्यक्ति को चिन्हित कर हिरासत में लिया गया।
पूछताछ एवं जांच के क्रम में यह स्पष्ट हुआ कि वीडियो में प्रदर्शित पिस्टल असली आग्नेयास्त्र नहीं, बल्कि पिस्टलनुमा खिलौना था, जिसे व्यक्ति द्वारा लहराया जा रहा था। इस संबंध में निरोधात्मक विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
भागलपुर पुलिस आमजन से अपील करती है कि सोशल मीडिया अथवा सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों से बचें। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

