जिला स्तरीय रेड रिबन रन मैराथन का आयोजन
भागलपुर, 21 जुलाई (हि.स.)। बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति और स्वास्थ्य विभाग के बैनर तले मंगलवार को जिला स्तरीय रेड रिबन रन मैराथन का आयोजन किया गया,जिसका उद्देश्य एड्स के प्रति युवाओं और आम लोगों को जागरूक करना था।
इस कार्यक्रम में तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के विभिन्न कॉलेजों और पीजी विभागों के 130 स्वयंसेवक एवं छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस दौड़ के माध्यम से एचआईवी और एड्स से बचाव का संदेश लोगों तक पहुंचाया गया।
टीएमबीयू इंडोर स्टेडियम से रेड रिबन रन की शुरुआत हुई। भागलपुर की मेयर डॉ. वसुंधरा लाल ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि एड्स के खिलाफ लड़ाई में सबसे बड़ा हथियार जागरूकता है। उन्होंने छात्रों से अपील किया कि वे खुद भी जागरूक रहें और समाज में भी सही जानकारी पहुंचाने का काम करें।
मेयर ने एनएसएस की सामाजिक गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के छात्र समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में लगातार काम कर रहे हैं। मैराथन का रूट विश्वविद्यालय परिसर से नरगा चौक तक निर्धारित किया गया था। प्रतिभागियों ने एक ओर जाकर दूसरी ओर से लौटते हुए कुल पांच किलोमीटर की दूरी पूरी की। पुरुष वर्ग में मारवाड़ी कॉलेज के चंद्रदेव कुमार ने पहला स्थान हासिल किया। बीएलएस कॉलेज के मिथिलेश कुमार दूसरे और टीएनबी कॉलेज के ऋतु राज तीसरे पर रहे। वहीं महिला वर्ग में एसएसवी कॉलेज की पाचो कुमारी प्रथम रहीं। बीएन कॉलेज की रुसी कुमारी ने दूसरा और टीएनबी कॉलेज की कोमल कुमारी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। मेयर डॉ. वसुंधरा लाल ने विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति की ओर से उन्हें विशेष उपहार स्वरूप पुस्तक भी भेंट की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

