दिघवारा में बंदर का आतंक, सौ से अधिक लोगों को किया घायल

WhatsApp Channel Join Now

सारण, 06 जून (हि.स.)। दिघवारा और दरियापुर प्रखंडों में इन दिनों एक लाल मुंह वाले बंदर के आतंक से नगर व ग्रामीण क्षेत्र के लोग बेहद परेशान हैं।

पिछले एक महीने के भीतर इस खूंखार बंदर ने बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक लगभग सौ से अधिक लोगों को काटकर लहूलुहान कर दिया है।

पीड़ितों के अनुसार बंदर अचानक घरों में घुसकर संपत्ति को नुकसान पहुंचाता है और परिजनों पर हमला कर भाग जाता है। झौंवा, हराजी, आमी, मानुपुर, मलखाचक, राईपट्टी, बसतपुर और दरियापुर, मटिहान जैसे दर्जनों गांवों में इस कदर खौफ है कि लोग रात-रात भर जागने को विवश हैं।

घायलों की संख्या लगातार बढ़ने के कारण स्थानीय सीएचसी में मरीजों का तांता लगा हुआ है।

अब तक वन विभाग या स्थानीय प्रशासन द्वारा बंदर को पकड़ने की कोई पहल नहीं की जा रही है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है। पीड़ित परिवार प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story