निबंधन की सुस्ती ने छीना शिक्षा का अधिकार, आंदोलन की चेतावनी हुई तेज

WhatsApp Channel Join Now
निबंधन की सुस्ती ने छीना शिक्षा का अधिकार, आंदोलन की चेतावनी हुई तेज


बेतिया, 20 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम चंपारण ज़िला के लौरिया प्रखंड अंतर्गत नवका टोला बगही बसवरिया में राजकीय प्राथमिक विद्यालय के लिए दान की गई भूमि का निबंधन वर्षों से अटका रहने के कारण स्थानीय शिक्षा व्यवस्था गहरे संकट में फंस गई है। वर्ष 2013 में गबनाहा निवासी मनोज प्रसाद द्वारा विद्यालय निर्माण हेतु एक कट्ठा भूमि दान की गई थी, किंतु अब तक उसका विधिवत निबंधन राज्यपाल के नाम नहीं हो सका। परिणामस्वरूप उक्त भूमि पर अधूरा शौचालय निर्माण और बिखरी निर्माण सामग्री प्रशासनिक उदासीनता की गवाही दे रही है।

भूमि विवाद और निबंधन में विलंब के चलते विद्यालय को अन्यत्र संचालित किया जा रहा है, जिससे मासूम बच्चों को प्रतिदिन लगभग 3.5 किलोमीटर की दूरी तय कर व्यस्त नरकटियागंज मार्ग पार करना पड़ता है। इससे संभावित दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है और अभिभावकों में भय व्याप्त है। करीब एक हजार की आबादी वाले इस दलित बहुल बस्ती में नामांकन घटकर महज 130 रह जाना शिक्षा तंत्र की विफलता को उजागर करता है, जबकि विद्यालय में चार शिक्षक पदस्थापित हैं।

समस्या के समाधान को लेकर रविवार को नया बस्ती में व्यापक जनसभा आयोजित की गई, जिसकी अगुवाई समाजसेवी मोहम्मद गौरी खान ने की। सभा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर शिक्षा के अधिकार पर हो रहे प्रत्यक्ष अतिक्रमण के खिलाफ आवाज बुलंद की। इसके उपरांत निकाली गई जागरूकता रैली ने प्रशासन के प्रति आक्रोश को खुलकर सामने ला दिया।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन के साथ-साथ प्रखंड प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अविलंब भूमि निबंधन की प्रक्रिया पूरी कर विद्यालय निर्माण प्रारंभ नहीं कराया गया, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक

Share this story