आरबीएसके और बाल हृदय योजना से बच्चों को मिल रही नई जिंदगी

WhatsApp Channel Join Now
आरबीएसके और बाल हृदय योजना से बच्चों को मिल रही नई जिंदगी


किशनगंज, 21 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) एवं बाल हृदय योजना के तहत जिले में जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों को निःशुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है।

आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह योजना उम्मीद की किरण साबित हो रही है। इसी क्रम में गुरुवार को जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित दो बच्चों अल्फिया नाज एवं योगेश कुमार गणेश, दोनों निवासी दिघलबैंक प्रखंड, को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल किशनगंज से आईजीआईएमएस पटना रेफर किया गया। दोनों बच्चों का उपचार आरबीएसके एवं बाल हृदय योजना के अंतर्गत पूरी तरह निःशुल्क कराया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बच्चों के सुरक्षित रेफरल, आवश्यक चिकित्सकीय दस्तावेज तथा परिजनों को जरूरी सहयोग उपलब्ध कराया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार आईजीआईएमएस पटना में विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में बच्चों का इलाज किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार आरबीएसके के तहत जिले के स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य संस्थानों में बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच की जा रही है।

जांच के दौरान जन्मजात हृदय रोग समेत अन्य गंभीर बीमारियों की पहचान कर बच्चों को उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर किया जाता है। इससे गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिल रही है। सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने बताया कि बाल हृदय योजना गरीब परिवारों के लिए काफी लाभकारी साबित हो रही है। पहले आर्थिक अभाव के कारण कई परिवार बच्चों का इलाज नहीं करा पाते थे, लेकिन अब सरकार की पहल से जांच, रेफरल, परिवहन और उपचार की पूरी सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story