राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए सुपौल न्यायमंडल में 20 पीठ गठित

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए सुपौल न्यायमंडल में 20 पीठ गठित


सुपौल, 10 सितंबर (हि.स.)। आगामी 12 सितंबर, शनिवार को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिकाधिक मामलों के त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन के लिए सुपौल न्याय मंडल में कुल 20 पीठों का गठन किया गया है। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार राजेश कुमार बच्चन के मार्गदर्शन में गठित इन पीठों के माध्यम से विभिन्न प्रकृति के समझौता योग्य मामलों का निष्पादन किया जाएगा।

राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन सुबह 10 बजे से सिविल कोर्ट, सुपौल एवं अनुमंडलीय सिविल कोर्ट, वीरपुर में होगा। राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान तथा बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देश पर किया जा रहा है। पक्षकारों की सुविधा और मामलों के शीघ्र निष्पादन को ध्यान में रखते हुए सुपौल एवं वीरपुर में अलग-अलग पीठों का गठन किया गया है।

सुपौल में कुल 16 पीठ गठित की गई हैं। इनमें 12 नियमित पीठ तथा लंबित ट्रैफिक चालान मामलों के निष्पादन के लिए चार विशेष पीठ शामिल हैं। नियमित पीठों में प्री-लिटिगेशन, वैवाहिक एवं उपभोक्ता विवाद, एमएसीटी, बैंक एवं वित्तीय संस्थानों से संबंधित मामलों सहित विभिन्न न्यायालयों के समझौता योग्य मामलों की सुनवाई एवं निष्पादन किया जाएगा।

लंबित ट्रैफिक चालान मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए गठित चार विशेष पीठें टाउन हॉल, सुपौल में कार्य करेंगी।

अनुमंडलीय सिविल कोर्ट, वीरपुर में कुल चार पीठ गठित की गई हैं। इन पीठों में आपराधिक समझौता योग्य मामलों के अलावा बैंक, टेलीफोन बिल एवं अन्य समझौता योग्य मामलों का निष्पादन किया जाएगा। इन पीठों के लिए सिविल कोर्ट, वीरपुर के प्रथम एवं द्वितीय तल पर स्थान निर्धारित किया गया है।

लोक अदालत में पहुंचने वाले पक्षकारों एवं आम नागरिकों को आवश्यक सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए हेल्प डेस्क, ट्रैफिक चालान हेल्प डेस्क, स्वास्थ्य केंद्र सहित अन्य सहायता केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर पैरा-लीगल वॉलंटियर्स की प्रतिनियुक्ति की गई है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से आम नागरिकों एवं पक्षकारों से अपील की गई है कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिकाधिक लाभ उठाएं और अपने समझौता योग्य मामलों का सरल, त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से निष्पादन कराएं।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story