तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को रौंदा, मौके पर मौत

WhatsApp Channel Join Now
तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को रौंदा, मौके पर मौत


तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को रौंदा, मौके पर मौत


सुपौल, 13 जुलाई (हि.स.)। जिले के छातापुर थाना क्षेत्र के बजरंग चौक स्थित एसएच-91 पर सोमवार की अपराह्न तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान डहरिया पंचायत के वार्ड संख्या-9 निवासी कैलू यादव के 25 वर्षीय पुत्र अरुण कुमार के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के बाद ट्रक चालक वाहन से उतरकर शव को देखने लगा। इसी दौरान आसपास मौजूद लोगों ने चालक को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पहुंची छातापुर थाना पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर थाना भेज दिया और ट्रक को जब्त कर लिया।

पूछताछ के दौरान ट्रक चालक पप्पू राय ने बताया कि वह ट्रक संख्या बीआर-31 जीसी-5013 में बालू लादकर भीमपुर की ओर से छातापुर बाजार की तरफ जा रहा था। बजरंग चौक के पास अचानक बाइक गिरने की आवाज सुनाई दी। शीशे से देखने पर पता चला कि बाइक सवार युवक ट्रक के टायर की चपेट में आ गया था, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, अरुण कुमार ने एक दिन पहले ही नई हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक खरीदी थी। बाइक की कागजी प्रक्रिया पूरी कराने के लिए वह सोमवार को छातापुर स्थित हीरो शोरूम गया था। शोरूम से काम निपटाकर घर लौटने के दौरान यह हादसा हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रमोद झा ने बताया कि ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story