सुपौल में तेज रफ्तार का कहर, दो बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल

WhatsApp Channel Join Now
सुपौल में तेज रफ्तार का कहर, दो बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल


सुपौल, 15 जून (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के कर्णपुर गैस एजेंसी के समीप सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई एक दूसरी मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर जा गिरे और उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला बाइक चालक मौके से फरार हो गया।

घटनास्थल के पास पोखर में मछली पकड़ रहे स्थानीय युवक अर्जुन कुमार ने मानवता का परिचय देते हुए आसपास के लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।

अस्पताल के चिकित्सक डॉ. शशि भूषण ने बताया कि एक युवक को अस्पताल लाने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरे घायल की स्थिति गंभीर है और उसे चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

हादसे के बाद पुलिस के सामने मृतक और घायल की पहचान भी चुनौती बनी हुई है। दोनों युवकों के पास न तो मोबाइल फोन मिला और न ही कोई पहचान पत्र, जिसके कारण समाचार लिखे जाने तक उनकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी।

स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना डायल 112 पर दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार बाइक चालक की तलाश के साथ-साथ दोनों युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story