सड़क हादसे में मजदूर की मौत, एक गंभीर रूप से घायल, आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-327ई किया जाम

WhatsApp Channel Join Now
सड़क हादसे में मजदूर की मौत, एक गंभीर रूप से घायल, आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-327ई किया जाम


सुपौल, 24 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के पिपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-106 पर महेशपुर के कदमपुर चौक के समीप शनिवार को हुए सड़क हादसे में 51 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतक की पहचान बसहा पंचायत के वार्ड संख्या-7 निवासी अर्जुन शर्मा (51) के रूप में हुई है। वहीं, घायल व्यक्ति की पहचान वार्ड संख्या-8 निवासी रमेश सादा (35) के रूप में की गई है। मिली जानकारी के अनुसार, अर्जुन शर्मा अपने गांव के करीब 10 से 11 मजदूरों के साथ ऑटो रिजर्व कर पंजाब में धान की कटाई करने जा रहे थे। सभी मजदूर पिपरा होते हुए सिमराही की ओर जा रहे थे, जहां से आगे की यात्रा के लिए दूसरी गाड़ी पकड़नी थी।

इसी दौरान महेशपुर के कदमपुर चौक के पास ऑटो ट्रक की चपेट में आ गया। हादसे में अर्जुन शर्मा की मौत हो गई, जबकि रमेश सादा गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि हादसे में रमेश का दायां पैर कट गया। ऑटो में सवार अन्य लोगों को भी हल्की चोटें आई हैं। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। अर्जुन शर्मा अपने पीछे तीन पुत्रियां और एक बेटा छोड़ गए हैं।

परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। रोजी-रोटी कमाने के लिए पंजाब जा रहे अर्जुन शर्मा की अचानक मौत से गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने एनएच-327ई पर थुमहा के समीप सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

करीब एक घंटे तक सड़क पर आवागमन बाधित रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। ग्रामीणों ने सड़क हादसों पर रोक लगाने के लिए एनएच-106 और एनएच-327ई पर तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा नियमित वाहन जांच की मांग की। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य सड़कों पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाने और नियमित जांच अभियान चलाने की मांग की है। इधर, पिपरा थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765944 Articles

Share this story