किशनगंज पुलिस में पद अलंकरण समारोह, 21 सहायक अवर निरीक्षक व दो हवलदार हुए सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
किशनगंज पुलिस में पद अलंकरण समारोह, 21 सहायक अवर निरीक्षक व दो हवलदार हुए सम्मानित


किशनगंज, 20 जुलाई (हि.स.)। पुलिस सभागार, किशनगंज में सोमवार को नव प्रोन्नत पुलिस पदाधिकारियों के सम्मान में पद अलंकरण समारोह (पिपिंग सेरेमनी) का आयोजन किया गया। समारोह में प्रभारी पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला ने 21 नव प्रोन्नत सहायक अवर निरीक्षकों के कंधों पर एक-एक स्टार लगाकर तथा दो हवलदारों को तीन फीता बैज पहनाकर उनके नए दायित्वों का औपचारिक शुभारंभ कराया। यह समारोह किशनगंज पुलिस परिवार के लिए गौरव, सम्मान और उत्साह का अवसर रहा।

समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी एसपी हरिमोहन शुक्ला ने कहा कि पदोन्नति केवल पद में वृद्धि नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों का विस्तार भी है। उन्होंने सभी नव प्रोन्नत पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए अपेक्षा जताई कि वे पुलिस मुख्यालय एवं वरीय अधिकारियों के निर्देशों का विधिसम्मत, अनुशासित, ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ तरीके से पालन करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार और बेहतर पुलिसिंग ही विभाग की पहचान है तथा सभी कर्मियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आम लोगों की सहूलियत को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।

पदोन्नत सहायक अवर निरीक्षकों में रंजन कुमार, प्रतिभा कुमारी, देव सूरत कुमार, सनातन जॉन तिर्की, रामाकांत कुमार, बिजेंद्र कुमार गौतम, जयराम चौहान, अमन कुमार, विनोद कुमार, विनय कुमार, अमृत कुमार, धर्मेंद्र कुमार, रामवृक्ष राय, अरविंद कुमार, त्रिपुरारी शरण, धर्मेंद्र कुमार शर्मा, शहनवाज आलम, पप्पू कुमार, संजीव कुमार, उत्तम कुमार तथा नीतू कुमारी शामिल हैं। वहीं हवलदार सुखलाल तिर्की और अनिल कुमार सिंह को भी पदोन्नति के बाद अलंकृत किया गया। सभी पदाधिकारियों की विभिन्न थानों एवं शाखाओं में प्रतिनियुक्ति की गई है।समारोह के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों ने नव प्रोन्नत साथियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story