रंगापाणी-बागडोगरा लाइन पर माल परिवहन शुरू, सिलीगुड़ी जंक्शन पर खत्म हुआ ट्रेनों का रिवर्सल

WhatsApp Channel Join Now
रंगापाणी-बागडोगरा लाइन पर माल परिवहन शुरू, सिलीगुड़ी जंक्शन पर खत्म हुआ ट्रेनों का रिवर्सल


कटिहार, 01 नवंबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) ने कटिहार रेल मंडल के अधीन 6.8 किलोमीटर लंबी रंगापाणी-बागडोगरा साइडिंग लाइन को नियमित माल परिवहन के लिए चालू कर दिया है। लंबे समय से बंद पड़ी इस लाइन को न्यूनतम लागत में पुनः सक्रिय किए जाने से पूर्व मध्य रेलवे (ईसीआर) से फारबिसगंज होकर आने वाली मालगाड़ियों को अब सिलीगुड़ी जंक्शन पर दिशा (इंजन रिवर्सल) बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे पूर्वोत्तर और उत्तर बिहार के बीच माल ढुलाई तेज होगी तथा रेलवे के परिचालन समय व संसाधनों की बड़ी बचत होगी।

एनएफआर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि सिलीगुड़ी जंक्शन पर ट्रेनों के रिवर्सल की प्रक्रिया समाप्त होने से ईंधन और ऊर्जा की बचत होगी। साथ ही रोलिंग स्टॉक का अनावश्यक ठहराव रुकेगा और शंटिंग व अतिरिक्त क्रू स्टाफ की आवश्यकता भी कम होगी। इस नई व्यवस्था के तहत एनएफआर को फारबिसगंज के रास्ते ईसीआर से प्रतिदिन कम से कम 10 मालगाड़ियां मिल सकेंगी, जिन्हें बिना किसी तकनीकी रुकावट के बारसोई और आगे के गंतव्यों के लिए रवाना किया जा सकेगा।

इस अतिरिक्त फ्रेट रूट के चालू होने से उत्तर बंगाल व सीमांचल क्षेत्र के व्यापारियों, उद्यमियों और उपभोक्ताओं को सुगम व भरोसेमंद आपूर्ति श्रृंखला का लाभ मिलेगा। मौजूदा रेल अवसंरचना के अधिकतम उपयोग से जहां ट्रेनों की गति और क्षमता बढ़ेगी, वहीं रेलवे के राजस्व में भी इजाफा होगा।

एनएफआर के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में कटिहार मंडल और संबंधित तकनीकी विभागों के आपसी समन्वय से इस कार्य को पूरा किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770639 Articles

Share this story