रामविलास पासवान की छठी पुण्यतिथि पर कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि
सुपौल, 08 अक्टूबर (हि.स.)। पिपरा में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार के आवास पर गुरुवार को पार्टी के संस्थापक और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की छठी पुण्यतिथि मनाई गई।
इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मौके पर जिलाध्यक्ष सुनील कुमार ने कहा कि रामविलास पासवान गरीब, शोषित और वंचित लोगों की मजबूत आवाज थे।उन्होंने जीवनभर सामाजिक न्याय और कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उनका विचार और संघर्ष आज भी पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान को भारतीय प्रशासनिक सेवा में जाने का अवसर मिला था, लेकिन उन्होंने सरकारी नौकरी छोड़कर राजनीति का रास्ता चुना। सक्रिय राजनीति में कदम रखने के बाद उन्होंने देश की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई और कई बार केंद्रीय मंत्री रहे।
सुनील कुमार ने कहा कि पासवान केवल राजनेता नहीं, बल्कि समाज के सबसे निचले तबके के लोगों की आवाज थे। उनके विचार और सिद्धांत आज भी कार्यकर्ताओं के लिए मार्गदर्शक हैं। इस अवसर पर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

