राम विशनपुर में विकास योजनाओं का डीडीसी ने लिया जायजा, अधूरे आवास जल्द पूरा करने का निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
राम विशनपुर में विकास योजनाओं का डीडीसी ने लिया जायजा, अधूरे आवास जल्द पूरा करने का निर्देश


राम विशनपुर में विकास योजनाओं का डीडीसी ने लिया जायजा, अधूरे आवास जल्द पूरा करने का निर्देश


सुपौल, 13 अगस्त (हि.स.)। गांव एवं पंचायतों में संचालित विकासात्मक योजनाओं की धरातलीय स्थिति का जायजा लेने के उद्देश्य से गुरुवार को उप विकास आयुक्त इन्द्रवीर कुमार ने राघोपुर प्रखंड के राम विशनपुर गांव का भ्रमण कर विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से योजनाओं के क्रियान्वयन एवं उनसे मिल रहे लाभ की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान डीडीसी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों से बातचीत कर आवास निर्माण की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधूरे आवासों को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार से राशि प्राप्त करने के बावजूद समय पर आवास निर्माण पूरा नहीं करने वाले लाभुकों के विरुद्ध राशि वसूली के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को ऐसे लाभुकों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

डीडीसी ने ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे स्वच्छता अभियान की भी जानकारी ली। स्थानीय लोगों ने स्वच्छता व्यवस्था में और अधिक निगरानी की आवश्यकता बताई। इस पर उन्होंने स्वच्छता कार्य में लगे कर्मियों एवं स्वच्छता पर्यवेक्षक को प्रतिदिन कचरा उठाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही एकत्रित कचरे को प्रसंस्करण इकाई तक पहुंचाने तथा कचरे का सही तरीके से पृथक्करण करने को कहा।

भ्रमण के दौरान उप विकास आयुक्त ने ग्रामीणों से रोजगार, शिक्षा, नल-जल, बिजली, सड़क सहित विभिन्न विकास योजनाओं के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को लोगों की आवश्यकताओं के अनुसार योजनाओं के क्रियान्वयन में सुधार करने तथा समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान राघोपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी सत्येंद्र कुमार सहित पंचायत के कर्मी एवं संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story