30 वर्षों बाद जागी आस: बक्सर के किसानों को सिंचाई की उम्मीद

WhatsApp Channel Join Now
30 वर्षों बाद जागी आस: बक्सर के किसानों को सिंचाई की उम्मीद


बक्सर, 06 अगस्त (हि.स.)। प्रखंड क्षेत्र में धान रोपनी का कार्य तेजी से चल रहा है। ऐसे समय में सिंचाई के लिए पानी की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए नहर विभाग ने केसठ चार रजवाहा नहर की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है। वर्षों से उपेक्षित इस नहर में जेसीबी से मरम्मत होते देख किसानों में खुशी और उम्मीद दोनों बढ़ गई है।

केसठ गुमटी के पास डुमरांव रजवाहा नहर से निकलने वाली केसठ चार नहर आथर महावीर स्थान मुख्य सड़क तक जाती है। स्थानीय किसानों का कहना है कि इस नहर से पिछले करीब 30 वर्षों से पानी नहीं पहुंचा है। इसके कारण उन्हें सिंचाई के लिए पूरी तरह निजी बोरिंग पर निर्भर रहना पड़ता था। लंबे समय से जर्जर और उपेक्षित पड़ी इस नहर की मरम्मत शुरू होने से किसानों को अब खेतों तक पानी पहुंचने की उम्मीद जगी है।

मरम्मत कार्य के दौरान अवर प्रमंडल सिद्धिपुर के कनीय अभियंता सुरेश कुमार, विभागीय कर्मी तथा रामपुर गांव के किसान मौजूद रहे। कनीय अभियंता सुरेश कुमार ने बताया कि एसडीओ अंजनी कुमार भारद्वाज एवं कार्यपालक अभियंता अरुंजय कुमार के निर्देश पर नहर की मरम्मत कर अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने की योजना पर काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि फिलहाल रामपुर फील्ड के समीप पुल तक मरम्मत होगी, जबकि बारिश के बाद शेष सफाई और मरम्मत का कार्य मनरेगा के माध्यम से कराया जाएगा।

किसानों ने उम्मीद जताई कि यदि विभाग की यह पहल सफल रही तो वर्षों बाद उन्हें नहर से सिंचाई का लाभ मिलेगा और खेती की लागत में भी कमी आएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra

Share this story