राजपुर प्रखंड में अविश्वास प्रस्ताव विफल, प्रमुख व उप-प्रमुख की कुर्सी बरकरार

WhatsApp Channel Join Now
राजपुर प्रखंड में अविश्वास प्रस्ताव विफल, प्रमुख व उप-प्रमुख की कुर्सी बरकरार


बक्सर, 30 मार्च (हि.स.)। जिले में राजपुर (बक्सर) प्रखंड मुख्यालय के सभा कक्ष में सोमवार को हुए विशेष बैठक में प्रमुख और उप-प्रमुख के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव गहमागहमी के बीच असफल हो गया।

संख्या बल के अभाव में विपक्षी खेमा प्रस्ताव पारित कराने में नाकाम रहा, जिससे प्रमुख मंजू देवी और उप-प्रमुख मजिदन खातून अपनी कुर्सी बचाने में सफल रहीं। बैठक प्रखंड विकास पदाधिकारी सिद्धार्थ कुमार की उपस्थिति में आयोजित की गई, जिसमें कुल 26 पंचायत समिति सदस्यों में से केवल 15 सदस्य ही शामिल हुए। अविश्वास प्रस्ताव पास कराने के लिए आवश्यक बहुमत नहीं मिलने के कारण प्रस्ताव गिर गया।

घोषणा होते ही प्रमुख समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने अबीर-गुलाल लगाकर और मिठाई बांटकर जश्न मनाया। प्रमुख मंजू देवी ने इसे विकास कार्यों और सदस्यों के विश्वास की जीत बताते हुए क्षेत्र के विकास को और गति देने का भरोसा दिया।

उल्लेखनीय है कि दो सप्ताह पूर्व बीडीसी सदस्य राधिका देवी ने विकास कार्यों में सहयोग नहीं मिलने और बैठक समय पर नहीं बुलाने जैसे आरोप लगाते हुए अविश्वास प्रस्ताव लाने की पहल की थी। कानूनी प्रक्रिया पूरी कर यह बैठक बुलाई गई, लेकिन अंततः प्रस्ताव विफल हो गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा

Share this story