मानदेय नहीं मिलने पर आशा कर्मियों का प्रदर्शन, एक घंटे तक ओपीडी सेवा बाधित

WhatsApp Channel Join Now
मानदेय नहीं मिलने पर आशा कर्मियों का प्रदर्शन, एक घंटे तक ओपीडी सेवा बाधित


बक्सर, 13 मार्च (हि.स.)। राजपुर प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर में शुक्रवार की सुबह आशा फैसिलेटर और आशा कर्मियों ने मानदेय भुगतान नहीं होने के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मियों ने ओपीडी सहित कई स्वास्थ्य सेवाओं को बंद कर दिया, जिससे करीब एक घंटे तक अस्पताल की सेवाएं बाधित रहीं।

प्रदर्शन कर रहे कर्मियों ने बताया कि अगस्त 2025 से फरवरी 2026 तक पिछले आठ महीनों से किसी भी आशा कर्मी और फैसिलेटर को मानदेय नहीं मिला है। कई बार विभाग को इसकी जानकारी दी गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। आशा फैसिलेटर अमित कुमार, ऋषिकेश कुमार पाठक, पुष्पा कुमारी, संगीता कुमारी, रमावती कुमारी सहित कई आशा कर्मियों ने बताया कि सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में वे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, लेकिन समय पर भुगतान नहीं होने से उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कर्मियों ने कहा कि होली समेत कई त्योहारों में भी उन्हें मानदेय नहीं मिला, जिससे घर चलाना मुश्किल हो गया है। मजबूरी में कई कर्मी कर्ज लेकर परिवार चला रहे हैं। उन्होंने चिकित्सा प्रभारी को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा।

चिकित्सा प्रभारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि तकनीकी कारणों से आशा कर्मियों का आईडी बंद था, जिसे ठीक कर लिया गया है। अगले दो दिनों के भीतर सभी का भुगतान कर दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा

Share this story