राजीव गांधी की 82वीं जयंती पर कांग्रेस ने मनाया सद्भावना दिवस
सुपौल, 20 अगस्त (हि.स.)। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की 82वीं जयंती के अवसर पर जिला कांग्रेस कार्यालय, सुपौल में श्रद्धांजलि एवं सद्भावना दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान कांग्रेसजनों ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया तथा देश की एकता, अखंडता, शांति और सद्भावना बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनुपम ने कहा कि राजीव गांधी आधुनिक भारत के निर्माण के दूरदर्शी नेता थे।
उन्होंने देश को 21वीं सदी की ओर ले जाने के लिए विज्ञान, तकनीक, कंप्यूटर और दूरसंचार के क्षेत्र में नई दिशा दी। उनके कार्यकाल को भारत में कंप्यूटर युग की शुरुआत और दूरसंचार क्रांति को गति देने के लिए विशेष रूप से याद किया जाता है। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी की सोच आधुनिक तकनीक तक सीमित नहीं थी। वे चाहते थे कि विकास का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।
अनुपम ने कहा कि युवाओं की लोकतांत्रिक भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से मतदान की आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष करना उनके नेतृत्व का ऐतिहासिक निर्णय था। पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने, सत्ता के विकेंद्रीकरण तथा ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने की उनकी सोच ने लोकतंत्र को जमीनी स्तर तक मजबूत करने का मार्ग प्रशस्त किया।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी भारत की विविधता को देश की ताकत मानते थे। उनके जन्मदिवस पर सद्भावना दिवस मनाने का उद्देश्य नफरत और विभाजन से ऊपर उठकर प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करना है। राजीव गांधी के सपनों का भारत तभी बनाया जा सकता है।
पूर्व जिलाध्यक्ष राज नारायण गुप्ता ने कहा कि राजीव गांधी की ग्रामीण भारत को सशक्त बनाने, पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने तथा युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की सोच आज भी प्रासंगिक है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता नरेश मिश्रा ने कहा कि सद्भावना दिवस सामाजिक एकता, प्रेम और भाईचारे को मजबूत करने तथा विभाजनकारी सोच का मुकाबला करने का संकल्प लेने का अवसर है।
वक्ताओं ने राजीव गांधी की विदेश नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने शांति और सहयोग को महत्व दिया। श्रीलंका समझौता उनके कार्यकाल की महत्वपूर्ण पहल थी, जिसके परिणाम जटिल रहे, लेकिन यह क्षेत्रीय शांति के लिए उनके प्रयासों को दर्शाता है। इस अवसर पर बिहार प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के संगठक डॉ. संजय यादव एवं प्रभारी अफरोज खान सेवा दल की टीम के साथ जिला कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। वे वित्त रहित शिक्षा नीति को लेकर प्रदेशव्यापी यात्रा के क्रम में सुपौल पहुंचे थे।
उन्होंने भी राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता प्रेमनाथ झा, ललित कामत, सुरेंद्र पांडे, लक्ष्मण झा, अमित कुमार झा, तनवीर आलम, बदरुद्दीन, शंभू यादव, सुशील सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने आधुनिक, प्रगतिशील, समतामूलक और सद्भावपूर्ण भारत के निर्माण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

