बारिश से धान की फसल को राहत, सब्जी उत्पादकों की बढ़ी चिंता

WhatsApp Channel Join Now
बारिश से धान की फसल को राहत, सब्जी उत्पादकों की बढ़ी चिंता


दरभंगा, 08 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में गुरुवार सुबह से रुक-रुककर हो रही बारिश ने धान उत्पादक किसानों को बड़ी राहत दी है। खासकर ऊपरी खेतों में पानी के अभाव से प्रभावित धान की फसल को इस बारिश से संजीवनी मिली है। धान की फसल में बालियां निकलने के समय खेतों में पर्याप्त नमी के लिए किसान पिछले कई दिनों से बारिश का इंतजार कर रहे थे।

तारडीह, मनीगाछी, घनश्यामपुर, अलीनगर सहित जिले के कई प्रखंडों में सुबह से अच्छी बारिश हुई। ऊपरी और अपेक्षाकृत ऊंचे खेतों में पानी की कमी के कारण धान की फसल प्रभावित होने लगी थी। ऐसे में बारिश से खेतों में नमी बढ़ने के साथ धान की फसल को आवश्यक पानी मिलने की उम्मीद जगी है।

वहीं, लगातार बारिश से सब्जी उत्पादकों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में जलजमाव होने पर तैयार सब्जियों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। निचले खेतों में अधिक पानी जमा होने से सब्जी की फसल में सड़न और रोग का खतरा बढ़ सकता है। किसानों का कहना है कि धान के लिए यह बारिश राहत लेकर आई है, लेकिन सब्जी उत्पादकों के लिए यही बारिश परेशानी का कारण बन सकती है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Share this story