रेलवे का बड़ा एक्शन, राजधानी में 26 बेटिकट यात्री पकड़े, एसी कोच से गांजा जब्त
कटिहार, 16 मई (हि.स.)। कटिहार रेलमंडल में शनिवार को इतिहास रचा गया। रेलवे मजिस्ट्रेट गौरव के नेतृत्व में राजधानी एक्सप्रेस में पहली बार ‘मेगा चेकिंग अभियान’ चलाया गया। सिर्फ 6 घंटे की इस कार्रवाई में 26 बेटिकट यात्री पकड़े गए और उनसे 2 लाख 10 हजार 320 रुपये जुर्माना वसूला गया।
रेलवे से जानकारी के मुताबिक कटिहार स्टेशन के प्लेटफॉर्म-1 पर ट्रेन संख्या 12424 राजधानी एक्सप्रेस खुलने से पहले ही रेलवे मजिस्ट्रेट गौरव अपनी टीम के साथ पहुंच गए। उन्होंने सभी कोचों की गहन जांच के निर्देश दिए। इसके बाद चलती ट्रेन में कटिहार से किशनगंज तक लगातार चेकिंग हुई।
वापसी में ट्रेन संख्या 20505 राजधानी एक्सप्रेस में भी कटिहार तक सघन जांच की गई। अप और डाउन दोनों दिशाओं में हुई इस कार्रवाई से बेटिकट यात्रियों और दलालों में हड़कंप मच गया।
एसी कोच से मिला गांजा
चेकिंग के दौरान रेल पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली। 3 एसी कोच से लावारिस हालत में रखे दो बड़े पैकेटों से गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने सामान जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
कई सफेदपोशों को लगा झटका
रेलवे मजिस्ट्रेट की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से रेल राजस्व को नुकसान पहुंचाने वालों में अफरा-तफरी मच गई। कई सफेदपोशों को भी बड़ा झटका लगा है। वसूली गई राशि को रेल खजाने में जमा कराने का निर्देश दिया गया है।
गौरतलब है कि रेलवे में सप्ताह के अंतिम तीन दिन ‘चेकिंग डे’ होते हैं। इस दौरान रेलवे मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में अलग-अलग रेलखंड में टीम चेकिंग करती है। रेलवे एक्ट के तहत चेकिंग में पकड़े जाने पर जुर्माना के साथ जेल का भी प्रावधान है।
20 आरपीएफ, 15 जीआरपी जवान रहे शामिल
इस विशेष अभियान में रेलवे मजिस्ट्रेट गौरव के साथ पेशकार कुलदीप कुमार सिन्हा, नवीन कुमार, प्रिंस कुमार, आदित्य नंदन, बॉडीगार्ड विश्वास समेत 20 आरपीएफ जवान, 15 जीआरपी कर्मी और 18 वाणिज्य कर्मी मौजूद थे।
रेल प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की बात कही है। रेल में पहली बार इस तरह हुई मजिस्ट्रेट चेकिंग ने नया रिकॉर्ड बनाया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

