जानलेवा रेलवे ट्रैक पार करने की मजबूरी होगी खत्म, रेल मंत्रालय ने दी 6 करोड़ के अंडर ब्रिज की मंजूरी

WhatsApp Channel Join Now

कटिहार, 26 जुलाई (हि.स.)। सदर विधानसभा अंतर्गत बघवाबाड़ी क्षेत्र के नागरिकों को रेलवे ट्रैक पार करने में आ रही गंभीर और जानलेवा समस्याओं से आखिरकार निजात मिलने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। रेल मंत्रालय (रेलवे बोर्ड) ने बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद के विशेष अनुरोध पर बघवाबाड़ी में लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से रोड अंडर ब्रिज के निर्माण को आधिकारिक रूप से स्वीकृति प्रदान कर दी है।

रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के मुताबिक, पूर्वोत्तर सीमा रेल के अंतर्गत कटिहार-पूर्णिया सेक्शन में केएम 1/2-3 पर आरयूबी, कवर शेड विद गार्ड वॉल और अप्रोच रोड के निर्माण हेतु लगभग 5.89 करोड़ रूपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। बोर्ड ने इसके टेंडर और जीएडी अनुमोदन से जुड़ी अन्य पूर्व-अपेक्षित प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

उल्लेखनीय है कि कटिहार-पूर्णिया मालगाड़ी के परिचालन हेतु निर्मित रेलवे ट्रैक के कारण हमेशा जान-माल का खतरा बना रहता था। चूँकि यह ट्रैक रेल गुमटी से बाहर है, इसलिए बघवाबाड़ी के नागरिकों और विशेषकर स्कूली बच्चों को स्कूल आने-जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था और हर वक्त दुर्घटना का अंदेशा रहता था। स्थानीय लोग लंबे समय से इस दिशा में सुरक्षित आवागमन के स्थायी समाधान की मांग कर रहे थे।

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि बघवाबाड़ी एवं रेल क्षेत्र के नागरिकों के लिए रोड अंडर ब्रिज के निर्माण से आवागमन में ऐतिहासिक सुविधा होगी और वाहनों का परिचालन भी पूरी तरह सुगम हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके बन जाने से लोग बिना किसी रुकावट के विद्यालय, महाविद्यालय, न्यायालय, समाहरणालय के साथ ही नगर के अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर ससमय सुरक्षित पहुँच सकेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story