कटिहार मंडल में रेल सेवा पुरस्कार समारोह आयोजित, उत्कृष्ट कार्य करने वाले 51 रेलकर्मी सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
कटिहार मंडल में रेल सेवा पुरस्कार समारोह आयोजित, उत्कृष्ट कार्य करने वाले 51 रेलकर्मी सम्मानित


कटिहार, 28 जुलाई (हि.स.)। कटिहार रेल मंडल में वर्ष 2024-25 के रेल सेवा पुरस्कार समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर अपने कर्तव्य के प्रति समर्पण, उत्कृष्ट कार्यशैली और रेलवे की प्रगति में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 51 रेलकर्मियों को मंडल रेल प्रबंधक किरेंद्र नरह ने प्रशस्ति-पत्र एवं रेल सेवा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

समारोह में मंडल रेल प्रबंधक किरेंद्र नरह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा निवेदिता नरह, अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार सिंह एवं महिला कल्याण संगठन की उपाध्यक्षा पूजा सिंह द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

अपने संबोधन में डीआरएम श्री नरह ने पुरस्कार प्राप्त रेलकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने सभी रेलकर्मियों से यात्रियों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने तथा रेलवे के विकास में निरंतर योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में मंडल के सभी विभागों के अधिकारी, मान्यता प्राप्त यूनियनों एवं एसोसिएशनों के पदाधिकारी, महिला कल्याण संगठन के सदस्य तथा बड़ी संख्या में रेलकर्मी उपस्थित रहे। समारोह का आयोजन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अंजनी प्रसाद श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान मंडल सांस्कृतिक एसोसिएशन एवं स्काउट एंड गाइड द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story