दो अरब की लागत से बनने वाले नए रेल ऊपरी पुल का कार्य शुरू, जाम की समस्या से मिलेगी मुक्ति

WhatsApp Channel Join Now
दो अरब की लागत से बनने वाले नए रेल ऊपरी पुल का कार्य शुरू, जाम की समस्या से मिलेगी मुक्ति


कटिहार, 25 जुलाई (हि.स.)। कटिहार शहर के दो प्रमुख हिस्सों को आपस में जोड़ने वाले बहुप्रतीक्षित रेलवे ऊपरी पुल का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने साहब पाड़ा से संतोषी कॉलोनी तक जाने वाले और बाटा चौक से सड़क मार्ग द्वारा जुड़ने वाले इस महत्वपूर्ण रेल ऊपरी पुल का नारियल फोड़कर औपचारिक कार्यारंभ किया। लगभग दो अरब रुपये की लागत से बनने वाले इस प्रोजेक्ट के धरातल पर उतरने से कटिहार वासियों में भारी खुशी है।

यह रेल ऊपरी पुल साहब पाड़ा से शुरू होकर संतोषी कॉलोनी तक जाएगा और कटिहार शहर के बाटा चौक से सड़क मार्ग के जरिए जुड़ेगा। यह शहर के दो बड़े हिस्सों को आपस जोड़ेगा। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी प्रगति यात्रा के दौरान लगभग दो अरब की लागत से इस रेल ऊपरी पुल के निर्माण की घोषणा की थी। इसके बाद इसका शिलान्यास किया गया था। पूर्व उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद इस पुल के निर्माण के लिए लंबे समय से निरंतर प्रयास कर रहे थे।

वर्तमान में मिरचाईबाड़ी एवं आसपास के अन्य मोहल्लों के नागरिकों के लिए आवागमन का मात्र एक पुराना रेलवे ऊपरी पुल ही विकल्प था। इस पुराने पुल पर अक्सर भारी ट्रैफिक जाम लग जाता था, जिससे लोगों को एमजी रोड, मंगल बाजार और शहर के अन्य पथों पर जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था और लोग समय पर अपने दफ्तर या गंतव्य तक नहीं पहुंच पाते थे। नए पुल के बनने से इस समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा।

कार्यारंभ के इस अवसर पर भाजपा व एनडीए के कई दिग्गज नेता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। उपस्थित प्रमुख लोगों में वीरेंद्र यादव, बब्बन झा, अमित कुमार गुप्ता, प्रमोद महतो, दिनेश पांडेय, दीपक पासवान, मणिमित्रा, राधेश्याम गिरी, उमेश पासवान, रमेश उपाध्याय और पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष कृष्ण कुमार साह राय शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story