पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग, निजीकरण पर रोक को लेकर रेलकर्मियों ने बुलंद की आवाज
सीवान, 01 सितंबर (हि.स.)। एनई रेलवे मेन्स कांग्रेस की सीवान शाखा के नवनिर्मित कार्यालय का उद्घाटन मंगलवार को सेवानिवृत्त रेल कर्मचारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता अनिल कुमार श्रीवास्तव ने फीता काटकर किया।
उद्घाटन समारोह में रेल कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर यूनियन नेताओं ने सरकार और रेल प्रशासन से कई मांगें रखीं। समारोह के विशिष्ट अतिथि एनई रेलवे मेन्स कांग्रेस के केंद्रीय अध्यक्ष सुभाष दुबे ने कहा कि पुरानी पेंशन योजना कर्मचारियों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा की गारंटी है। नई पेंशन योजना और यूनिफाइड पेंशन स्कीम को लेकर कर्मचारियों में निराशा और आक्रोश है। उन्होंने सरकार से कर्मचारियों के बुढ़ापे का सहारा पुरानी पेंशन योजना को हर हाल में बहाल करने की मांग की।
मुख्य अतिथि एनई रेलवे मेन्स कांग्रेस के महामंत्री अखिलेश पांडेय ने कहा कि यूनियन को मान्यता मिलने के बाद मात्र 18 माह में पूरे पूर्वोत्तर रेलवे में कर्मचारी हितों से जुड़े विकास कार्यों में तेजी आई है। वर्षों से लंबित पदोन्नति और वित्तीय उन्नयन के मामलों का निष्पादन कराया गया है।
उन्होंने रेल मंत्रालय से पीएलबी बोनस की 7,000 रुपये की सीलिंग सीमा समाप्त करने तथा 21,000 रुपये के न्यूनतम वेतन के आधार पर बोनस की गणना कर 53,855 रुपये बोनस भुगतान की मांग की। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की कई समस्याओं का समाधान स्थायी वार्ता तंत्र के माध्यम से कराया गया है, जबकि लंबित मुद्दों का भी शीघ्र समाधान कराया जाएगा।
वाराणसी मंडल के मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार ने आठवें वेतन आयोग को जल्द लागू करने तथा एरियर सहित भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने रेलवे के निजीकरण पर रोक लगाने की मांग करते हुए कहा कि इसके विरोध में पूरे पूर्वोत्तर रेलवे में यूनियन की ओर से आंदोलन जारी है।
मंडल मंत्री राकेश पाल ने वाराणसी मंडल में रिक्त पदों को शीघ्र भरने, पूर्वोत्तर रेलवे में जीडीसीई की रिक्तियों की संख्या बढ़ाने तथा 12 घंटे की ड्यूटी पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने ट्रैकमैन के लिए 10 प्रतिशत इंटेक कोटा की अधिसूचना शीघ्र जारी करने की भी मांग की।
कार्यक्रम का संचालन सीवान शाखा के कोषाध्यक्ष रमैया मिश्रा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन शाखा अध्यक्ष दीपक यादव ने किया। मंडल उपाध्यक्ष बिट्टू यादव ने अतिथियों को बुके एवं मोमेंटो भेंट कर स्वागत किया। समारोह में हरिवंश यादव, तुफैल खान, अनिल कुमार, राजेश श्रीवास्तव, संतोष यादव, खुर्शीद आलम, आनंद पाठक, राजन पांडेय, हरिशंकर यादव, कृष्ण यादव, संजय तिवारी, दीपक कुमार, अब्दुल्ला खान, प्रदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में रेलकर्मी एवं यूनियन पदाधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

