रेलवे पेंशनरों के लिए 01 नवंबर से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान: 3 नवंबर को कटिहार में विशेष शिविर

WhatsApp Channel Join Now
रेलवे पेंशनरों के लिए 01 नवंबर से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान: 3 नवंबर को कटिहार में विशेष शिविर


कटिहार, 31 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के कटिहार रेलमंडल सहित सभी मंडलों में रेलवे पेंशनभोगियों और पारिवारिक पेंशनभोगियों की सुविधा के लिए 01 नवंबर से राष्ट्रव्यापी 'डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (डीएलसी) अभियान 5.0' शुरू होने जा रहा है। 30 नवंबर 2026 तक चलने वाले इस महीने भर के अभियान के तहत कटिहार रेलमंडल के विभिन्न प्रमुख स्टेशनों व कार्यालयों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इसमें कटिहार स्थित मंडल कल्याण अनुभाग में आगामी 03 नवंबर को विशेष कैंप का आयोजन किया जाएगा, जहां पेंशनर सुगमता से अपना वार्षिक जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकेंगे।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि भारत सरकार के पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग तथा रेलवे बोर्ड के दिशानिर्देशानुसार यह अभियान आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य बुजुर्ग और चलने-फिरने में असमर्थ पेंशनभोगियों को बैंकों और दफ्तरों के चक्कर काटने से मुक्ति दिलाना तथा जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल और सरल बनाना है।

कटिहार रेलमंडल के अंतर्गत पेंशनभोगियों की सुविधा के लिए विभिन्न तिथियों पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। कटिहार मंडल कल्याण अनुभाग में 03 नवंबर को शिविर लगेगा, जबकि न्यू जलपाईगुड़ी में 06 नवंबर, मालदा डीजल शेड में 17 नवंबर, पूर्णिया एडीईएन कार्यालय में 20 नवंबर और किशनगंज एडीईएन कार्यालय में 25 नवंबर को विशेष कैंप का आयोजन होगा।

इस अभियान की मुख्य विशेषता आधार-आधारित फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक है, जिसके माध्यम से पेंशनभोगी एंड्रॉइड या आईओएस स्मार्टफोन से अपना चेहरा स्कैन कर घर बैठे ही डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा कर सकते हैं। इसके अलावा 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों, गंभीर रूप से बीमार और अशक्त पेंशनरों के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं, जिनके घर जाकर रेलवे कर्मी प्रमाण पत्र जमा कराने में सहयोग करेंगे। इन शिविरों में पेंशनरों की तकनीकी सहायता के लिए हेल्पडेस्क, शिकायत निवारण काउंटर और वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य जांच जैसी अतिरिक्त सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी। सीपीआरओ ने सभी पेंशनरों से तय समय सीमा के भीतर इन शिविरों अथवा मोबाइल ऐप का लाभ उठाने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770142 Articles

Share this story