रेलवे और नगर निगम के साझा प्रयास से बदलेगी कटिहार की सूरत, 20 स्थानों पर विकास कार्यों के लिए जल्द होगा समझौता

WhatsApp Channel Join Now
रेलवे और नगर निगम के साझा प्रयास से बदलेगी कटिहार की सूरत, 20 स्थानों पर विकास कार्यों के लिए जल्द होगा समझौता


कटिहार, 23 सितंबर (हि.स.)। कटिहार शहर के विकास एवं नागरिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर बुधवार को डीआरएम कार्यालय में नगर निगम और रेल प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण सहमति बनी। नगर आयुक्त संतोष कुमार के नेतृत्व में पहुंचे निगम के प्रतिनिधिमंडल की रेलवे के डीआरएम एवं एडीआरएम (डीएन-2) के साथ हुई उच्चस्तरीय बैठक में रेलवे क्षेत्र के 20 चिन्हित स्थलों पर विकास कार्यों हेतु अनापत्ति प्रमाण पत्र देने पर सहमति व्यक्त की गई। शीघ्र ही नगर आयुक्त एवं रेलवे के डीएन-2 के बीच इस संबंध में समझौता ज्ञापन पर औपचारिक हस्ताक्षर किए जाएंगे।

बैठक के दौरान चिन्हित सभी 20 स्थलों पर नगर निगम द्वारा प्रस्तावित बुनियादी नागरिक सुविधाओं, सड़कों, जल निकासी और स्वच्छता से जुड़ी योजनाओं को लेकर बिंदुवार चर्चा की गई। रेलवे अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श के बाद लगभग सभी बिंदुओं पर दोनों पक्षों के बीच सहमति बन गई। समझौता निष्पादित होते ही इन चिन्हित क्षेत्रों में वर्षों से लंबित विकास कार्यों को तेजी से धरातल पर उतारा जाएगा, जिससे शहरवासियों को सीधा लाभ मिलेगा।

इस समन्वय बैठक में वार्ड संख्या 13 के पार्षद दिनेश कुमार पांडेय, वार्ड संख्या 14 के पार्षद हर्ष अग्रवाल, नगर निगम के एसडीओ विवेक कुमार, प्रधान सहायक प्रवेश सलीम तथा स्वच्छता पदाधिकारी राहुल कुमार सहित रेलवे के वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। नगर निगम एवं रेलवे के बीच बने इस तालमेल को कटिहार शहर के सुंदरीकरण, स्वच्छता और बेहतर आधारभूत ढांचे के निर्माण की दिशा में एक प्रभावी कदम माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story