रेल आईजी ने भागलपुर रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
रेल आईजी ने भागलपुर रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण


भागलपुर, 28 मार्च (हि.स.)। रेल आईजी अमिया नंदन सिन्हा शनिवार को भागलपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने रेल पुलिस के सभी पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक क। इस दौरान रेलवे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, यात्रियों की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और रेल परिसरों में बढ़ती गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में रेल आईजी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि स्टेशन परिसर और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समीक्षा बैठक के बाद रेल आईजी अमिया नंदन सिन्हा ने भागलपुर रेलवे स्टेशन परिसर का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन पर मौजूद सुरक्षा व्यवस्था, यात्रियों की आवाजाही, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था और प्लेटफॉर्म पर तैनात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी का जायजा लिया।

उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और जवानों से बातचीत कर सुरक्षा से जुड़ी जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस मौके पर रेल आईजी ने हाल के दिनों में भागलपुर रेल पुलिस द्वारा हासिल की गई महत्वपूर्ण सफलताओं की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि रेल पुलिस ने विभिन्न मामलों में सक्रियता दिखाते हुए अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की है, जिससे रेलवे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हुई है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में लगातार निगरानी रखी जाए, संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जाए और यात्रियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि रेल पुलिस को यात्रियों के साथ बेहतर व्यवहार रखते हुए उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान भी करना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story