जुआ अड्डे पर छापेमारी, 19 जुआरी गिरफ्तार, 5.10 लाख नगद बरामद
भागलपुर, 09 अगस्त (हि.स.)। सिटी एसपी अतुलेश झा ने रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जुआ अड्डे पर छापेमारी कर 19 जुआरी गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस ने 5.10 लाख नगद बरामद किया है। सिटी एसपी ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मधुसूदनपुर थाना पुलिस ने एक बड़े जुआ रैकेट का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस ने पुरानी सराय इलाके में छापेमारी कर जुआ खेलते और इसका आयोजन कराते हुए 19 लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मौके से 5 लाख 10 हजार रुपये नकद सहित भारी मात्रा में सामान बरामद हुआ है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के पुरानी सराय निवासी सुनील यादव (पिता- महादेव यादव) के घर पर अवैध रूप से जुए का बड़ा खेल चल रहा है।
सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर-02 एवं मधुसूदनपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित पुलिस टीम ने सुनील यादव के घर पर अचानक छापेमारी की। पुलिस को देखते ही मौके पर भगदड़ मच गई, लेकिन टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी कर 19 आरोपियों को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान जुआरियों के पास से और मौके से भारी मात्रा में नकदी, मोबाइल और गाड़ियां जब्त की गईं।
पुलिस ने मौके से 5,10,000 (पाँच लाख दस हजार रुपये), 18 मोबाइल फोन, 5 पीस एटीएम कार्ड, 13 पीस ताश के पत्ते, 01 कार और 01 मोटरसाइकिल जब्त किया है।
सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मधुसूदनपुर थाना में सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजने के साथ-साथ मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

