आय से अधिक संपत्ति मामले में डीएसपी गौतम कुमार पर ईओयू का शिकंजा, कई ठिकानों पर छापेमारी

WhatsApp Channel Join Now
आय से अधिक संपत्ति मामले में डीएसपी गौतम कुमार पर ईओयू का शिकंजा, कई ठिकानों पर छापेमारी


आय से अधिक संपत्ति मामले में डीएसपी गौतम कुमार पर ईओयू का शिकंजा, कई ठिकानों पर छापेमारी


पूर्णियां, 31 मार्च (हि.स.)।

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत आईओयू ने किशनगंज में पदस्थापित एसडीपीओ गौतम कुमार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। आय से अधिक संपत्ति के मामले में बुधवार सुबह से पूर्णिया समेत कई जिलों में उनके कुल छह ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, पूर्णिया शहर के हाउसिंग कॉलोनी स्थित उनके आलीशान आवास पर ईओयू की टीम सुबह से ही दस्तावेजों की गहन जांच में जुटी हुई है। इसके अलावा किशनगंज स्थित सरकारी आवास, मधुबनी स्थित ससुराल, भागलपुर, सिलीगुड़ी तथा पूर्णिया के माधोपारा में उनके एक करीबी के ठिकाने पर भी एक साथ कार्रवाई जारी है।

छापेमारी के दौरान अब तक कई बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज, जमीन निवेश से संबंधित कागजात और करोड़ों रुपये के जेवरात मिलने की प्रारंभिक सूचना सामने आई है। ईओयू सूत्रों के अनुसार, गौतम कुमार पर करीब 1 करोड़ 94 लाख 92 हजार 244 रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है।

बताया जा रहा है कि न्यायालय से विधिवत अनुमति प्राप्त करने के बाद यह कार्रवाई की गई है और जब्त दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही संपत्ति का अंतिम आकलन सामने आएगा।

गौतम कुमार वर्तमान में किशनगंज में एसडीपीओ के पद पर तैनात हैं।

इससे पहले वे पटना में बीएमपी-5 में डीएसपी के रूप में कार्यरत रह चुके हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने अवैध बालू खनन, लॉटरी माफिया, तस्करी और लूट के मामलों में सक्रिय भूमिका निभाई थी। हालांकि, इन्हीं गतिविधियों से अवैध कमाई करने के आरोपों को लेकर अब वे जांच के दायरे में आ गए हैं। उनकी पत्नी रूबी कुमारी भी सरकारी सेवा में हैं और पूर्णिया के रिफ्यूजी कॉलोनी क्षेत्र में पदस्थापित हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह

Share this story