कॉमन सर्विस सेंटर पर छापेमारी,अवैध दस्तावेजों के साथ दो गिरफ्तार
पूर्वी चंपारण,25 मार्च (हि.स.)।जिले के रक्सौल अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार व प्रशिक्षु आईपीएस सह थानाध्यक्ष हेमंत सिंह के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए रक्सौल के सिसवा चौक स्थित एक कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) पर औचक छापेमारी की।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। छापेमारी के दौरान केंद्र से बड़ी मात्रा में फर्जी दस्तावेज बरामद किए गए। इनमें नकली आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र के साथ-साथ विभिन्न पदाधिकारियों के जाली स्टांप भी शामिल हैं।
अधिकारियों के अनुसार, इन दस्तावेजों का इस्तेमाल अवैध कार्यों के लिए किया जा रहा था। प्रशासन ने मौके से सीएससी केंद्र में कार्यरत एक कर्मी कृष्णा कुमार यादव तथा धर्मनाथ यादव को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है ताकि इस पूरे फर्जीवाड़े के नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार

