भाजपा ने राहुल गांधी पर लगाया देश की छवि धूमिल करने का आरोप
कटिहार, 21 फरवरी (हि.स.)। भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित 'वर्ल्ड एआई समिट' में राहुल गांधी के कहने पर कांग्रेस यूथ विंग के नेताओं द्वारा भारत की छवि धूमिल करने के कुत्सित प्रयास और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरुद्ध की गई अभद्र टिप्पणी के विरोध में कटिहार भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह प्रिंस के नेतृत्व में शहीद चौक पर राहुल गांधी का पुतला फूका गया।
इस अवसर पर पूर्व उपमुख्यमंत्री तरकिशोर प्रसाद ने विरोध करते हुए कहा कि राजधानी के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में आयोजित एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा सुरक्षा घेरा तोड़कर किया गया प्रदर्शन देश की छवि को धूमिल करने का प्रयास है। यह कृत्य अत्यंत निंदनीय है और भारत के स्वाभिमान को ठेस पहुँचाने वाला है।
भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज राय ने विरोध मार्च के दौरान आक्रोशित मन से कार्यकर्ताओं के साथ राहुल गांधी का पुतला दहन में शामिल होकर कहा कि इस घटना की नैतिक जिम्मेदारी कांग्रेस नेतृत्व, विशेषकर राहुल गांधी है जिनकी घटिया मानसिकता से विश्व स्तर पर देश की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया देश की जनता जवाब चाहती है और ऐसी हरकतों के लिए सार्वजनिक रूप से माफी माँगी जानी चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

