संगठन की मजबूती और राहुल गांधी के विजन से कांग्रेस को मिलेगी नई धार: ज्योति कुमार सिंह
भागलपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता ज्योति कुमार सिंह इन दिनों भागलपुर के दौरे पर हैं। इस दौरान वे लगातार पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं और कार्यकर्ताओं में नया जोश फूंक रहे हैं। सोमवार को शहर में कार्यकर्ताओं के साथ ‘तिरंगा यात्रा’ निकालने के बाद एक संक्षिप्त साक्षात्कार में ज्योति कुमार सिंह ने पार्टी की वर्तमान रणनीति, संगठन की मजबूती और युवाओं को लेकर कांग्रेस की योजनाओं पर बेबाकी से अपनी बात रखी।
राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि वर्तमान में कांग्रेस पार्टी का मुख्य फोकस देश और राज्य स्तर पर सांगठनिक ढांचे को सबसे निचले स्तर तक मजबूत करना है। भागलपुर में कार्यकर्ताओं के साथ संवाद इसी कड़ी का एक हिस्सा है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि मजबूत बूथ स्तर का कार्यकर्ता ही किसी भी चुनाव में जीत की असली गारंटी होता है। पार्टी पुराने और अनुभवी नेताओं के मार्गदर्शन में नए चेहरों को आगे बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है। युवाओं के मुद्दे पर बोलते हुए ज्योति सिंह ने कहा कि देश का युवा आज बेरोजगारी और अनिश्चित भविष्य से जूझ रहा है।
कांग्रेस पार्टी युवाओं को केवल वोटर नहीं, बल्कि देश के विकास का मुख्य सारथी मानती है। पार्टी के आगामी कार्यक्रमों में युवाओं के लिए रोजगार, बेहतर शिक्षा और कौशल विकास के एजेंडे को प्रमुखता से शामिल किया गया है। कांग्रेस युवाओं को राजनीति की मुख्यधारा में लाकर उन्हें नेतृत्व सौंपने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रही है।
साक्षात्कार के दौरान उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विजन की जमकर तारीफ की। ज्योति सिंह ने कहा कि राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ और जनता से जुड़े मुद्दों पर उनकी मुखरता ने देश की सियासत को एक नई दिशा दी है। आज समाज का हर वर्ग उनके विजन से खुद को जुड़ा हुआ महसूस कर रहा है। उनकी बढ़ती लोकप्रियता इस बात का प्रमाण है कि जनता अब नफरत की राजनीति को नकार कर मोहब्बत और हक की राजनीति को चुन रही है।
भागलपुर की सड़कों पर निकली तिरंगा यात्रा का जिक्र करते हुए राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि यह यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और कांग्रेस के गौरवशाली इतिहास का प्रतीक है।
कार्यकर्ताओं ने जिस उत्साह के साथ इसमें भाग लिया है, उससे साफ है कि भागलपुर में कांग्रेस का जनाधार बेहद मजबूत हो रहा है और आने वाले दिनों में इसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

