सड़क दुर्घटना में घायलों की जान बचाने वाले ‘राह-वीर’ को मिलेगा 25 हजार रूपये का पुरस्कार

WhatsApp Channel Join Now
सड़क दुर्घटना में घायलों की जान बचाने वाले ‘राह-वीर’ को मिलेगा 25 हजार रूपये का पुरस्कार


कटिहार, 28 अक्टूबर (हि.स.)। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की जान बचाने वाले आम नागरिकों को केंद्र सरकार की ‘राह-वीर योजना’ के तहत 25 हजार रूपये का नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। दुर्घटना के बाद के पहले एक घंटे यानी ‘गोल्डन ऑवर’ के भीतर घायल को अस्पताल या ट्रॉमा केयर सेंटर पहुंचाने वाले मददगारों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला परिवहन कार्यालय, कटिहार ने आम लोगों से निडर होकर आगे आने की अपील की है।

जिला परिवहन कार्यालय के अनुसार, दुर्घटना के तुरंत बाद का समय उपचार के लिए सबसे संवेदनशील होता है। इस दौरान घायल को त्वरित चिकित्सा मिलने से उसके जीवित बचने की संभावना काफी बढ़ जाती है। योजना के नियमों के अनुसार, यदि एक ही घायल की मदद एक से अधिक व्यक्ति मिलकर करते हैं, तो पुरस्कार की 25 हजार रूपये की राशि सभी में समान रूप से बांटी जाएगी। इसके अतिरिक्त, उत्कृष्ट कार्य करने वाले देश भर के शीर्ष 10 ‘राह-वीरों’ को प्रतिवर्ष राष्ट्रीय स्तर पर ₹1 लाख का विशेष पुरस्कार देने का भी प्रावधान है।

अक्सर पुलिसिया पूछताछ या कानूनी प्रक्रियाओं के डर से लोग घायलों की मदद करने से पीछे हटते हैं। इसे दूर करने के लिए मोटर वाहन अधिनियम की धारा 134A के तहत मददगार नागरिकों (गुड सेमेरिटन) को कड़ा कानूनी संरक्षण दिया गया है। इसके तहत मदद करने वाले व्यक्ति को किसी भी तरह से अनावश्यक परेशान नहीं किया जाएगा और उसकी निजता का सम्मान रखा जाएगा।

जिला परिवहन पदाधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क पर घायल व्यक्ति को देखकर अनदेखा न करें; तुरंत एंबुलेंस व पुलिस को सूचित कर घायल को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करें और केवल राहगीर न रहकर ‘राह-वीर’ बनें।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768414 Articles

Share this story