राघोपुर रेफरल अस्पताल का औचक निरीक्षण, बनेगा 30 बेड का नया भवन

WhatsApp Channel Join Now
राघोपुर रेफरल अस्पताल का औचक निरीक्षण, बनेगा 30 बेड का नया भवन


राघोपुर रेफरल अस्पताल का औचक निरीक्षण, बनेगा 30 बेड का नया भवन


सुपौल, 10 नवंबर (हि.स.)। जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में मंगलवार को बीएमएसआईसीएल के प्रबंध निदेशक सुब्रत कुमार सेन के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने राघोपुर रेफरल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया।

टीम में जिलाधिकारी सावन कुमार, मुख्य महाप्रबंधक शैलेन्द्र भारती और उप महाप्रबंधक धनंजय कुमार भी शामिल रहे। टीम ने इससे पहले दीनापट्टी स्थित मेडिकल कॉलेज का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अस्पताल के विभिन्न विभागों का जायजा लिया। इस क्रम में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, संसाधनों और अस्पताल की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने अस्पताल के पुराने एवं अत्यंत जर्जर भवन की स्थिति को देखते हुए उसे परित्यक्त घोषित कर दिया। इसके स्थान पर 30 बेड की क्षमता वाले नए भवन का अलग से निर्माण कराने की बात कही गई। नए भवन के निर्माण से अस्पताल में मरीजों के लिए बेड की उपलब्धता बढ़ने के साथ स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की उम्मीद है।

अधिकारियों ने अस्पताल के प्रसव कक्ष, प्रसूति ऑपरेशन कक्ष और आपातकालीन विभाग के संचालन पर विशेष ध्यान दिया। इन विभागों में मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बीएमएसआईसीएल की ओर से आवश्यक आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया। इस दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी दीप नारायण राम और अस्पताल प्रबंधक अविनाश कुमार ने अस्पताल के विभिन्न विभागों के संचालन में आ रही समस्याओं तथा आवश्यक संसाधनों की कमी से अधिकारियों को अवगत कराया। अधिकारियों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

अधिकारियों के निरीक्षण के बाद राघोपुर रेफरल अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और आधारभूत संरचना में सुधार की उम्मीद जगी है। 30 बेड के नए भवन के निर्माण और आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता से राघोपुर सहित आसपास के क्षेत्र के मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर इलाज की सुविधा मिलने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775021 Articles

Share this story