रेफरल अस्पताल राघोपुर का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं पर संतोष, सुविधाओं में सुधार का आश्वासन

WhatsApp Channel Join Now
रेफरल अस्पताल राघोपुर का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं पर संतोष, सुविधाओं में सुधार का आश्वासन


सुपौल, 17 मार्च (हि.स.)। जिले के राघोपुर प्रखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में पहल करते हुए सुपौल जिले के सिविल सर्जन डॉ. बाबू साहब झा ने मंगलवार को रेफरल अस्पताल राघोपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की विभिन्न इकाइयों का गहन जायजा लिया और भर्ती मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन किया।

निरीक्षण के क्रम में सिविल सर्जन ने परिवार नियोजन ऑपरेशन थिएटर, टीकाकरण केंद्र, एनसीडी कक्ष, ईसीजी, विजन सेंटर, डॉक्टर कक्ष, इमरजेंसी वार्ड, डिलेवरी वार्ड, प्रसव कक्ष, दवा वितरण काउंटर, एक्स-रे कक्ष एवं पैथोलॉजी सहित कई महत्वपूर्ण विभागों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से बातचीत कर सुविधाओं का फीडबैक लिया।

डॉ. झा ने बताया कि अस्पताल में मरीजों की उपस्थिति संतोषजनक रही और अधिकांश चिकित्सक अपने-अपने कार्यस्थल पर मौजूद पाए गए। इमरजेंसी वार्ड में चार मरीज भर्ती थे, जिनका समुचित इलाज चल रहा था। वहीं बंध्याकरण ऑपरेशन से जुड़े मरीजों ने भी किसी प्रकार की शिकायत नहीं की। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा व्यवस्थाओं का संचालन बेहतर तरीके से किया जा रहा है।

हालांकि निरीक्षण के दौरान कुछ बुनियादी सुविधाओं की कमी भी सामने आई। सिविल सर्जन ने कहा कि अस्पताल के इंफ्रास्ट्रक्चर को और सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता है, जिसके लिए संबंधित विभाग और सरकार को अवगत कराया जाएगा। उन्होंने विशेष रूप से अल्ट्रासाउंड सुविधा के अभाव का जिक्र करते हुए बताया कि अगले दो महीनों के भीतर यह सेवा शुरू करने की दिशा में पहल की जा रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि राघोपुर क्षेत्र से दो राष्ट्रीय राजमार्ग गुजरते हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की संभावना अधिक रहती है। ऐसी स्थिति में यहां ट्रामा सेंटर की स्थापना आवश्यक है, जिसके लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा।

अवैध रूप से संचालित नर्सिंग होम, पैथोलॉजी और अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर सख्ती बरतते हुए सिविल सर्जन ने नियमित छापेमारी के निर्देश दिए हैं। स्थानीय स्तर पर टीम गठित कर फर्जी संस्थानों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

साथ ही उन्होंने बताया कि अस्पताल में महिला रोग विशेषज्ञ की पदस्थापना हो चुकी है और जल्द ही सिजेरियन ऑपरेशन की सुविधा भी शुरू की जाएगी, जिससे क्षेत्र की महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। निरीक्षण के दौरान अस्पताल के चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story