नाले किनारे नवजात का शव मिलने से सनसनी

WhatsApp Channel Join Now
नाले किनारे नवजात का शव मिलने से सनसनी


सुपौल, 01 मार्च (हि.स.)। जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक नवजात शिशु का शव नाले के किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

स्थानीय लोगों ने करीब साढ़े आठ बजे राघोपुर डाक-बंगला के समीप शव देखा, जिसके बाद आसपास भीड़ जुट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बच्चे को लाल चादर में लपेटकर अस्पतालों में उपयोग होने वाले प्लास्टिक सर्जिकल बेड के साथ फेंका गया था। ग्रामीणों ने जब नजदीक जाकर देखा तो नवजात के हाथ में मेडिकल इंट्राकैथ लगा हुआ था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि बच्चे का जन्म किसी अस्पताल या चिकित्सकीय देखरेख में हुआ होगा। मृत शिशु लड़का बताया जा रहा है तथा उसकी नाक से खून बहने की बात भी सामने आई है।

घटना की सूचना फैलते ही आसपास के गांवों में चर्चा का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने इस अमानवीय कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मानवता के नाते ग्रामीणों ने नवजात के शव को सम्मानपूर्वक मिट्टी में दफना दिया। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर जल्द से जल्द दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story