ट्रैफिक नियमों की अनदेखी से बढ़ रहा सड़क हादसों का खतरा, बिना हेलमेट कई सवार लेकर चल रहे वाहन

WhatsApp Channel Join Now
ट्रैफिक नियमों की अनदेखी से बढ़ रहा सड़क हादसों का खतरा, बिना हेलमेट कई सवार लेकर चल रहे वाहन


सुपौल, 16 मार्च (हि.स.)। राघोपुर क्षेत्र में परिवहन विभाग और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी के कारण सड़क दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।

सड़कों पर वाहन चालक बिना हेलमेट के तीन से चार लोगों को मोटरसाइकिल पर बैठाकर एनएच पर सफर करते देखे जा रहे हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई वाहन चालक ट्रैफिक नियमों की खुलकर अनदेखी कर रहे हैं और अपनी जान के साथ-साथ दूसरों की जान को भी जोखिम में डाल रहे हैं।

बताया जा रहा है कि विगत तीन दिन पहले ललितग्राम से सिमराही आ रही एक मोटरसाइकिल ट्रक की चपेट में आ गई थी। इस हादसे में बाइक पर सवार एक महिला और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई थी। इसके बावजूद लोग ट्रैफिक नियमों के प्रति गंभीर नहीं दिख रहे हैं।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पहले पुलिस द्वारा जगह-जगह वाहन जांच अभियान चलाकर बिना हेलमेट या अधिक सवारी लेकर चलने वाले चालकों पर जुर्माना लगाया जाता था और उन्हें नियमों का पालन करने की नसीहत दी जाती थी।

लोगों ने प्रशासन और परिवहन विभाग से मांग की है कि फिर से सख्ती के साथ वाहन जांच अभियान चलाया जाए, ताकि ट्रैफिक नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके और सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story