तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से पैदल जा रहे व्यक्ति की मौत, भागने के दौरान गड्ढे में पलटा वाहन

WhatsApp Channel Join Now
तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से पैदल जा रहे व्यक्ति की मौत, भागने के दौरान गड्ढे में पलटा वाहन


सुपौल, 22 जुलाई (हि.स.)। जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ने एक व्यक्ति की जान ले ली। विशनपुर दौलत पंचायत के भगता टोला वार्ड संख्या-12 में सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को तेज गति से आ रही पिकअप वैन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक डगमारा थाना क्षेत्र के कमलपुर वार्ड संख्या-4 निवासी 46 वर्षीय रघुवीर साह उर्फ दुर्गा के रूप में हुई है।

बताया जाता है कि वह अपने रिश्तेदारों से मिलने भगता टोला आए हुए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रघुवीर साह सड़क पर पैदल जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार पिकअप वैन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से भागने लगा, लेकिन घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में पलट गया। इसके बाद चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन को जब्त कर लिया।

राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि दुर्घटना में शामिल वाहन को जब्त कर लिया गया है। फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मामले की जांच जारी है और विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story