तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से पैदल जा रहे व्यक्ति की मौत, दो युवक गंभीर रूप से घायल
सुपौल, 07 अगस्त (हि.स.)। जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमराही स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर धर्मपट्टी क्रॉसिंग के समीप तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक की टक्कर में एक पैदल यात्री की मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए ।
राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही स्थित एनएच-27 पर शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में सिमराही नगर पंचायत वार्ड संख्या-8 निवासी 45 वर्षीय बिरजू दास की इलाज के दौरान मौत हो गई।
बताया जाता है कि वह ठेला चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।जानकारी के अनुसार, सिमराही नगर पंचायत वार्ड संख्या-6 निवासी 24 वर्षीय मोहम्मद आलम और 28 वर्षीय मोहम्मद अकबर बाइक से गांधी नगर से सिमराही बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान धर्मपट्टी क्रॉसिंग के पास सड़क पार कर रहे बिरजू दास को तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को तत्काल राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। देर रात सदर अस्पताल, सुपौल पहुंचने पर चिकित्सकों ने बिरजू दास को मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पत्नी रेखा देवी ने बताया कि उनके पति ही परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके निधन से परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। उन्होंने कहा कि अब तीनों बच्चों—12 वर्षीय गोविंद, 7 वर्षीय अरविंद और 5 वर्षीय विशाल—का पालन-पोषण कैसे होगा, इसकी चिंता सता रही है।
राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से आवेदन मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

