राघोपुर बीआरसी में दिव्यांगता प्रमाणीकरण शिविर आयोजित, 70 बच्चों का हुआ निबंधन

WhatsApp Channel Join Now
राघोपुर बीआरसी में दिव्यांगता प्रमाणीकरण शिविर आयोजित, 70 बच्चों का हुआ निबंधन


राघोपुर बीआरसी में दिव्यांगता प्रमाणीकरण शिविर आयोजित, 70 बच्चों का हुआ निबंधन


सुपौल, 21 अगस्त (हि.स.)। बिहार शिक्षा परियोजना, सुपौल के तत्वावधान में शुक्रवार को राघोपुर प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) परिसर में दिव्यांग बच्चों के लिए दिव्यांगता प्रमाणीकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में श्रवण नि:शक्त, दृष्टिबाधित, मानसिक, अस्थि दिव्यांग सहित सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त सभी 21 प्रकार की दिव्यांगताओं से संबंधित 6 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों की जांच एवं प्रमाणीकरण की प्रक्रिया संपन्न की गई।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं संबंधित कर्मियों की टीम द्वारा बच्चों की स्वास्थ्य जांच कर दिव्यांगता का आकलन किया गया। इस अवसर पर डॉ. दीपक गुप्ता, डॉ. ज्योति रानी (साइकोलॉजिस्ट), बिनोद राय, शादाब अली (बीसीएम सह सीएचएम), प्रशांत झा, अंकित त्रिवेदी (ऑडियोलॉजिस्ट), पुष्कर कुमार (पीओई), मुरलीधर द्विवेदी (प्रखंड साधन सेवी), पंकज कुमार (प्रखंड साधन सेवी), डॉ. राजेश कुमार (ओटी), प्रदीप कुमार (एमआर), शैलजानंद (असिस्टेंट), राजीव कुमार एवं सोनी कुमारी सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।

शिविर में समाचार लिखे जाने तक कुल 70 दिव्यांग बच्चों का निबंधन किया गया। जांच के उपरांत 15 बच्चों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किया गया, जबकि 18 बच्चों को विस्तृत चिकित्सीय परीक्षण एवं प्रमाणन के लिए सदर अस्पताल, सुपौल रेफर किया गया।

शिविर के माध्यम से दिव्यांग बच्चों को सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। अधिकारियों ने बताया कि प्रमाण पत्र मिलने के बाद पात्र बच्चों को शिक्षा, छात्रवृत्ति एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story