राधा-कृष्ण ठाकुरबाड़ी में धूमधाम से हुई मां स्कंदमाता की पूजा, डांडिया उत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह

WhatsApp Channel Join Now
राधा-कृष्ण ठाकुरबाड़ी में धूमधाम से हुई मां स्कंदमाता की पूजा, डांडिया उत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह


सुपौल, 15 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के हृदयस्थली में अवस्थित श्री राधा-कृष्ण ठाकुरबाड़ी स्थित मां दुर्गा मंदिर में गुरुवार को नवरात्र की पंचमी पूजा धूमधाम और भक्तिमय माहौल में संपन्न हुई। मंदिर संचालन समिति की ओर से मां दुर्गा की उपासना पूरे नियम-निष्ठा और विधि-विधान के साथ की जा रही है। सुखपुर से पधारे विद्वान पंडित अरुण कुमार झा उर्फ मुन्ना के वैदिक मंत्रोच्चार और पूजन-अनुष्ठान के बीच धार्मिक कार्यक्रम संपन्न हो रहे हैं।

पूजा के दौरान मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा। मां दुर्गा के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही भक्त पहुंचते रहे। नवरात्र को लेकर श्री राधा-कृष्ण ठाकुरबाड़ी स्थित मां दुर्गा मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया और संवारा गया है। मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना हुआ है। विधि-विधान के साथ आयोजित हो रहे धार्मिक अनुष्ठानों में श्रद्धालु बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। मां के दर्शन कर भक्त परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना कर रहे हैं।

नवरात्र महोत्सव के तहत मंदिर संचालन समिति की ओर से धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी तैयारी की गई है। षष्ठी की संध्याकालीन आरती के बाद डांडिया नृत्य और गीत-संगीत का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम को लेकर शहर के श्रद्धालुओं, खासकर महिलाओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन के माध्यम से भक्तिमय वातावरण के बीच सांस्कृतिक उल्लास का रंग भी देखने को मिलेगा। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दूर-दराज से श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। मंदिर में अष्टमी और नवमी पूजा को लेकर भी विशेष तैयारियां की गई हैं।

अष्टमी पूजा की संध्या में सिंदूर खेला का आयोजन होगा, जबकि नवमी के दिन सुबह कन्या भोजन कराया जाएगा। इन आयोजनों को लेकर महिला श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। भक्तिभाव के साथ होने वाले इन धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। पूजा महोत्सव के सफल आयोजन के लिए मंदिर संचालन समिति की ओर से सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखा गया है। समिति के सभी सदस्य आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सक्रिय सहयोग कर रहे हैं। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुचारु आवागमन का ध्यान रखा जा रहा है। नवरात्र के दौरान मंदिर में उमड़ रही भीड़ और विभिन्न धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों से शहर का माहौल भक्तिमय बना हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761457 Articles

Share this story