आर. के. सिन्हा की संगठननिष्ठा और समाजसेवा की विरासत सदैव हमें प्रेरित करती रहेगी : संजय सरावगी

WhatsApp Channel Join Now
आर. के. सिन्हा की संगठननिष्ठा और समाजसेवा की विरासत सदैव हमें प्रेरित करती रहेगी : संजय सरावगी


पटना, 12 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने गुरुवार को जनसंघ एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता तथा पूर्व राज्यसभा सांसद आर. के. सिन्हा के श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद विनोद तावड़े भी उनके साथ मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने आर. के. सिन्हा के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि आर. के. सिन्हा का जीवन समाजसेवा, संगठन के प्रति समर्पण और राष्ट्रहित के कार्यों को समर्पित रहा। उन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी तक संगठन को मजबूत करने और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि आर. के. सिन्हा का व्यक्तित्व, विचार और कार्यशैली हम सभी के लिए प्रेरणादायी हैं। उनका योगदान केवल राजनीतिक और संगठनात्मक क्षेत्र तक सीमित नहीं था, बल्कि सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता भी हमेशा उल्लेखनीय रही।

उन्होंने अपने कार्यों और व्यवहार से संगठन के कार्यकर्ताओं को सदैव समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की प्रेरणा दी।

संजय सरावगी ने कहा कि समाज और संगठन के प्रति उनका समर्पण, योगदान एवं उनकी स्मृतियां सदैव हम सभी का मार्गदर्शन करती रहेंगी। उनके द्वारा स्थापित आदर्शों और मूल्यों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए भी सेवा, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा का उदाहरण बना रहेगा।

इस दौरान उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी आर. के. सिन्हा को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके योगदान को याद किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775918 Articles

Share this story