निविदा के प्रकाशन को लेकर उठे सवाल, जिला योजना पदाधिकारी ने मांगी रिपोर्ट
किशनगंज, 05 सितंबर (हि.स.)। स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन, कार्य प्रमंडल किशनगंज की निविदा संख्या 03/2026-27 के प्रचार-प्रसार एवं प्रकाशन को लेकर सवाल उठाए गए हैं। इस संबंध में बड़ीजान, मालीटोला निवासी ओसामा रेजा ने जिला योजना पदाधिकारी को आवेदन देकर निविदा प्रक्रिया को तत्काल रद्द कर नियमानुसार पुनः निविदा प्रकाशन कराने की मांग की है।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि उक्त निविदा का प्रचार-प्रसार स्थानीय दैनिक समाचार पत्रों में नहीं कराया गया और न ही विभागीय तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की वेबसाइट पर इसका प्रकाशन किया गया।
आवेदक का कहना है कि इससे जिला मुख्यालय से बाहर रहने वाले स्थानीय संवेदकों को निविदा की जानकारी नहीं मिल सकी। उन्होंने आरोप लगाया कि गिने-चुने संवेदकों एवं कार्यकारी एजेंसी की मिलीभगत से निविदा निष्पादित करने का प्रयास किया जा रहा है। आवेदन में निविदा संख्या 02/2026-27 का विभागीय वेबसाइट पर प्रकाशन होने का हवाला देते हुए 03/2026-27 के प्रकाशन को लेकर भी सवाल उठाया गया है। साथ ही संबंधित पदाधिकारियों के स्तर पर कार्रवाई की जांच की मांग की गई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला योजना पदाधिकारी कुंदन कुमार सिंह ने कार्यपालक अभियंता, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन, कार्य प्रमंडल किशनगंज से बिंदुवार रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने पूछा है कि निविदा के स्थानीय प्रचार-प्रसार के लिए जिला जनसंपर्क कार्यालय को पत्र भेजा गया था या नहीं, निविदा को एनआईसी वेबसाइट पर अपलोड किया गया है या नहीं तथा इसकी सूचना जिला पदाधिकारी के कार्यालय/सूचनापट्ट को उपलब्ध कराई गई है या नहीं। जिला योजना पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारी को उक्त बिंदुओं पर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है, ताकि सहयोग शिविर के माध्यम से प्राप्त आवेदन का नियमानुसार निष्पादन किया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

