जर्जर टाउन हॉल में नए गेट निर्माण पर उठे सवाल, जांच के आदेश
किशनगंज, 25 अप्रैल (हि.स.)। नगर परिषद क्षेत्र स्थित जर्जर टाउन हॉल परिसर में लाखों रुपये की लागत से नए मुख्य द्वार के निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई है। लोगों का कहना है कि जब भवन पहले से ही बदहाल स्थिति में है और इसके स्थानांतरण की चर्चा लंबे समय से चल रही है, तो ऐसे में गेट निर्माण पर खर्च करना उचित नहीं है।
जानकारी के अनुसार, टाउन हॉल भवन लंबे समय से जर्जर अवस्था में है और इसका उपयोग भी सीमित हो गया है। इसके बावजूद नगर परिषद द्वारा मुख्य प्रवेश द्वार का निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है, जिससे नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और लागत को लेकर भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि पहले भवन की स्थिति पर ठोस निर्णय लिया जाना चाहिए था, उसके बाद ही किसी प्रकार का निर्माण कार्य कराया जाना चाहिए।
इस संबंध में जिलाधिकारी विशाल राज ने बताया कि टाउन हॉल गेट निर्माण का मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी और यह देखा जाएगा कि किन परिस्थितियों में निर्माण कार्य शुरू किया गया। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि पूर्व में प्रशासनिक स्तर पर टाउन हॉल को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की बात भी सामने आ चुकी है। ऐसे में जर्जर भवन में नए गेट के निर्माण को लेकर लोगों में नाराजगी है और इसे सरकारी राशि की संभावित बर्बादी बताया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

