लोकसभा में उठाया उपभोक्ता आयोग का मुद्दा, भागलपुर में 3 वर्षों में दर्ज मामलों से अधिक का हुआ निपटारा
भागलपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल द्वारा लोकसभा के तारांकित प्रश्न संख्या 48 के माध्यम से उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय से भागलपुर जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग की स्थिति, रिक्त पदों एवं मामलों के निपटारे से संबंधित जानकारी मांगी गई।
मंत्रालय द्वारा दिए गए उत्तर के अनुसार भागलपुर जिला उपभोक्ता आयोग में अध्यक्ष का पद भरा हुआ है तथा सदस्यों के रिक्त पदों के बावजूद आयोग का कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए मुंगेर के सदस्य को अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। पिछले तीन वर्षों में भागलपुर में 269 नए मामले दर्ज हुए, जबकि 362 मामलों का निपटारा किया गया। इससे स्पष्ट है कि नए मामलों के साथ-साथ पुराने लंबित मामलों का भी तेजी से निष्पादन हुआ है।
मंत्रालय ने बताया कि 1 जनवरी 2025 से शुरू किए गए ई-जागृति पोर्टल के माध्यम से अब उपभोक्ता घर बैठे ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर सकते हैं, शुल्क जमा कर सकते हैं तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई में भाग ले सकते हैं।
बिहार में मामलों के निपटारे की दर भी 95.97% (2024) से बढ़कर 100.43% (2025) हो गई है। सांसद अजय कुमार मंडल ने कहा कि भागलपुर के लोगों को सुलभ, पारदर्शी और समयबद्ध न्याय उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। उपभोक्ता आयोगों को और मजबूत बनाने तथा रिक्त पदों को शीघ्र भरने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

