पूर्णिया एयरपोर्ट से मुंबई-बेंगलुरु की सीधी उड़ान और नाइट सेवा की मांग

WhatsApp Channel Join Now
पूर्णिया एयरपोर्ट से मुंबई-बेंगलुरु की सीधी उड़ान और नाइट सेवा की मांग


पूर्णिया, 06 अक्टूबर (हि.स.)।

पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु से मुलाकात कर पूर्णिया एयरपोर्ट से हवाई सेवाओं के विस्तार, रात्रिकालीन उड़ान शुरू करने और बढ़ते हवाई किराये पर नियंत्रण की मांग की है।

सांसद ने मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई, हैदराबाद, अहमदाबाद और कोलकाता जैसे प्रमुख शहरों के लिए सीधी अथवा कनेक्टिंग उड़ान बढ़ाने के साथ दिल्ली के लिए उड़ानों की संख्या बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए वर्तमान हवाई सेवाएं पर्याप्त नहीं हैं।

उन्होंने पूर्णिया एयरपोर्ट पर रात्रिकालीन परिचालन शुरू करने के लिए रक्षा मंत्रालय के साथ समन्वय कर आवश्यक अनुमति, रनवे लाइटिंग, नेविगेशन और अग्निशमन सुविधाएं विकसित करने की मांग की। सांसद ने कहा कि नाइट ऑपरेशन शुरू होने से उड़ानों की संख्या बढ़ेगी और यात्रियों को विशेषकर पर्व-त्योहारों के दौरान सुविधा मिलेगी।

पप्पू यादव ने निर्माणाधीन एप्रन, लिंक टैक्सीवे, लाइटिंग और विद्युत कार्यों की गुणवत्ता की स्वतंत्र तकनीकी जांच की भी मांग की। उन्होंने कहा कि पहले चरण में पांच और दूसरे चरण में सात अतिरिक्त विमान पार्किंग स्टैंड विकसित किए जाने हैं।

पहले चरण को 31 अक्टूबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है।

सांसद ने करीब 294 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित स्थायी टर्मिनल भवन का निर्माण शीघ्र शुरू कराने तथा एयरपोर्ट तक फोरलेन संपर्क पथ का कार्य जल्द पूरा कराने का आग्रह किया। प्रस्तावित टर्मिनल में तीन एयरोब्रिज और 16 चेक-इन काउंटर बनाए जाने हैं।

उन्होंने पूर्णिया-दिल्ली सहित प्रमुख मार्गों पर बढ़ते हवाई किराये पर चिंता जताते हुए नागरिक उड्डयन मंत्रालय और डीजीसीए से किराये की नियमित समीक्षा तथा अधिकतम किराया-सीमा तय करने की मांग की। साथ ही गंभीर मरीजों, उनके परिजनों और आपातकालीन यात्रियों के लिए रियायती किराये पर भी विचार करने का आग्रह किया।

सांसद ने कहा कि पूर्णिया एयरपोर्ट कोसी-सीमांचल के साथ कटिहार, अररिया, किशनगंज, सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, खगड़िया, भागलपुर तथा उत्तर बंगाल और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों के यात्रियों के लिए भी महत्वपूर्ण है। बेहतर हवाई संपर्क से व्यापार, शिक्षा, चिकित्सा, कृषि उत्पादों के विपणन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह

Share this story