पीयू के निरीक्षण दल ने रानीगंज वाईएनपी डिग्री कॉलेज परीक्षा केन्द्र का किया निरीक्षण
अररिया 01 अप्रैल(हि.स.)।रानीगंज वाईएनपी डिग्री कॉलेज परीक्षा केंद्र पर बीए, बीएससी एवं बीकॉम सीबीसीएस प्रथम सेमेस्टर की चल रही परीक्षा का बुधवार को पूर्णिया विश्वविद्यालय के निरीक्षण दल के द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दल में सीसीडीसी प्रो. संतोष कुमार सिंह, क्रीड़ा पदाधिकारी डॉ सी. के. मिश्रा एवं इकोनॉमिक्स पीजी हेड प्रो. ठाकुर थे। निरीक्षण दल ने सीधे परीक्षा कक्षों में जाकर सघन जांच करने के क्रम में केंद्राधीक्षक सह प्रधानाचार्य डॉ नूतन आलोक एवं परीक्षा नियंत्रक प्रो सुभाष चंद्र सिंह को सीट प्लान संदर्भ में निर्देश दिए।निरीक्षण दल ने चल रहे परीक्षा को कदाचार मुक्त पाया और व्यवस्था पर संतुष्टि दिखाई।परीक्षा नियंत्रक प्रो.(डॉ )अमरकांत सिंह के द्वारा अररिया कॉलेज का परीक्षा केंद्र रानीगंज वाईएनपी डिग्री कॉलेज निर्धारित करने के साथ प्रधानाचार्य डॉ नूतन आलोक को केंद्राधीक्षक प्रतिनियुक्त किया गया है। प्रधानाचार्य सह केंद्राधीक्षक के हवाले से परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुभाष चंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पालियों की परीक्षा में कुल 475परीक्षार्थी सम्मिलित हुए । आज प्रथम पाली की परीक्षा में मनोविज्ञान, दर्शन शास्त्र , संगीत, हिंदी इंग्लिश तथा समाज शास्त्र एवं द्वितीय पाली में इतिहास, भूगोल,अरेबिक,पर्सियन, संस्कृत, मैथिली, बंगाली और गांधी विचार धारा की परीक्षा हुई।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

